uttarakhand

ऋषिकेश उप जिला चिकित्सालय के स्वास्थ्य शिविर में तीसरे दिन 795 मरीजों ने उठाया लाभ

ऋषिकेश। उप जिला चिकित्सालय ऋषिकेश में आयोजित स्वास्थ्य शिविर के तीसरे दिन भी विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। क्षेत्र के लोगों ने शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञों से परामर्श लिया और आवश्यक स्वास्थ्य जांच कराई।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के निर्देशन एवं शिविर प्रभारी के समन्वय में आयोजित शिविर में तीसरे दिन कुल 795 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया, जिनमें 367 पुरुष और 428 महिलाएं शामिल रहीं।

शिविर के दौरान 142 लोगों की उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच की गई। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 74 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई। वहीं 19 किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता तथा 45 लाभार्थियों को पोषण एवं समुचित देखभाल के संबंध में परामर्श दिया गया।

राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत 213 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। साथ ही विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के तहत भी 213 लाभार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एवं परामर्श प्रदान किया गया।

प्रयोगशाला में हीमोग्लोबिन, एलएफटी, केएफटी और लिपिड प्रोफाइल सहित 178 जांचें की गईं। इसके अलावा 93 एक्स-रे और 53 अल्ट्रासाउंड जांचें भी संपन्न कराई गईं।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने शिविर में सेवाएं देने वाले सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों, चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल एवं सहयोगी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से क्षेत्र की जनता को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *